नई दिल्ली । भागदौड़ भरी दिनचर्या में सेहत का ख्याल रखना चुनौती बन गया है, लेकिन पोषक तत्वों से भरपूर फलों में शामिल अंजीर स्वास्थ्य का बड़ा स्रोत है। छोटे आकार वाला यह फल शरीर को ऊर्जा देने के साथ कई तरह की बीमारियों से बचाने में मदद करता है।
मध्य प्रदेश आयुष विभाग के अनुसार अंजीर विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट से समृद्ध होता है। इसके नियमित सेवन से लिवर और किडनी प्राकृतिक रूप से डिटॉक्स होते हैं। इसमें मौजूद कैल्शियम, मैग्नीशियम और फॉस्फोरस हड्डियों को मजबूत बनाते हैं और ऑस्टियोपोरोसिस जैसी समस्याओं से बचाव करते हैं।
पाचन तंत्र के लिए भी अंजीर बेहद लाभकारी है। कब्ज के रोगियों को भीगे हुए अंजीर सुबह सेवन करने से राहत मिलती है। वजन घटाने वालों के लिए यह एक अच्छा विकल्प है, क्योंकि इसमें फाइबर अधिक और कैलोरी कम होती है।
दिल के मरीजों के लिए भी अंजीर फायदेमंद है। इसके सेवन से ब्लड प्रेशर नियंत्रित रहता है और इसमें मौजूद आयरन खून की कमी को दूर करने में मदद करता है। इसके एंटीऑक्सीडेंट त्वचा को निखारते और बालों को मजबूत बनाते हैं। रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ती है।
हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि अंजीर खाने का सबसे अच्छा तरीका है—रात में भिगोकर सुबह खाली पेट इसका सेवन करना, साथ ही वह पानी भी पी लेना। सर्दियों में ताजा अंजीर खाना और भी लाभकारी माना जाता है।
हालांकि, कुछ लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए। जिन्हें अंजीर से एलर्जी हो, उन्हें इसका सेवन नहीं करना चाहिए। वहीं, डायबिटीज के मरीजों को डॉक्टर की सलाह पर ही अंजीर खाना चाहिए।
