मुंबई। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 सीजन से पहले ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर अब मुंबई इंडियंस की जर्सी में नजर आएंगे। फ्रेंचाइज़ी ने सोशल मीडिया पर शार्दुल के टीम से जुड़ने की आधिकारिक पुष्टि की है।
आईपीएल 2026 की रिटेंशन लिस्ट जारी होने से ठीक पहले मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) से ट्रेड के जरिए शार्दुल ठाकुर को अपने साथ जोड़ा है। 2015 से आईपीएल में खेल रहे शार्दुल पहली बार अपनी घरेलू टीम मुंबई से जुड़ रहे हैं। वे रणजी ट्रॉफी 2025-26 सत्र में मुंबई टीम के कप्तान भी हैं।
पिछले सीजन में मेगा ऑक्शन में अनसोल्ड रहने के बाद शार्दुल को एलएसजी ने सीजन शुरू होने से पहले साइन किया था। उन्होंने टीम के लिए 10 मैचों में 13 विकेट झटके और शुरुआती मैचों में एलएसजी की जीत में अहम भूमिका निभाई।
शार्दुल ठाकुर इससे पहले किंग्स इलेवन पंजाब, राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स, दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की ओर से भी खेल चुके हैं। उन्होंने अब तक 105 आईपीएल मैचों में 107 विकेट लिए हैं।
निचले क्रम में सक्षम बल्लेबाज माने जाने वाले शार्दुल को हालांकि आईपीएल में बल्लेबाजी के अधिक मौके नहीं मिले हैं। गेंदबाजी में वे अपनी विविधता के लिए जाने जाते हैं।
एक समय उन्हें हार्दिक पांड्या के विकल्प के रूप में देखा जाता था, लेकिन अब मुंबई इंडियंस में दोनों खिलाड़ियों का साथ खेलना टीम के लिए बड़ा फायदा साबित हो सकता है। शार्दुल के शामिल होने से मुंबई की गेंदबाजी और निचले क्रम की बल्लेबाजी दोनों मजबूत मानी जा रही हैं।
क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि घरेलू टीम से खेलने का मौका शार्दुल के आईपीएल करियर को नई दिशा और स्थिरता दे सकता है।
