पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए गठबंधन में सीट बंटवारे का फार्मूला तय हो गया है। भाजपा और जनता दल (यूनाइटेड) अब बराबरी पर चुनाव लड़ेंगी। दोनों दलों को 101-101 सीटें दी गई हैं।
सहयोगी दलों में लोजपा (रामविलास) को 29 सीटें, जबकि हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) को छह-छह सीटें मिली हैं।
भाजपा के चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा, “एनडीए के साथियों ने सौहार्दपूर्ण माहौल में सीटों का वितरण पूरा किया है। सभी दल मिलकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने को तैयार हैं।”
जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने भी इस जानकारी की पुष्टि की।
बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे—पहला चरण 6 नवंबर और दूसरा चरण 11 नवंबर को, जबकि मतगणना 14 नवंबर को होगी।
मुख्य मुकाबला एनडीए बनाम महागठबंधन के बीच है, वहीं प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी भी सभी 243 सीटों पर ताल ठोक रही है।
